बरेली। सिटी मजिस्ट्रेट के पद से त्यागपत्र देने वाले अलंकार अग्निहोत्री अब जल्द ही अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगे। इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ की बैठक में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक के दौरान उन्होंने एससी-एसटी एक्ट, यूजीसी एक्ट और बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर जैसे गंभीर विषयों पर अपनी बात रखी।
अलंकार अग्निहोत्री ने घोषणा की कि सवर्ण समाज के हितों की रक्षा के लिए जल्द ही एक नई राजनीतिक पार्टी बनाई जाएगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि टिकट कटने के डर से सत्ता पक्ष के नेता जनहित के मुद्दों पर मौन हैं। बांके बिहारी कॉरिडोर के विरोध में उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसका निर्माण नहीं किया जाना चाहिए। बैठक के माध्यम से सवर्ण समाज ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी हुई, तो वे राजनीतिक शक्ति के माध्यम से इसका जवाब देंगे।
सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए अलंकार ने मौजूदा व्यवस्था को छद्म सनातनी करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की जगह कॉर्पोरेट सरकार चल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी जैसे काले कानूनों को वापस नहीं लिया गया, तो आगामी चुनावों में इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह भाजपा को अयोध्या में हार का सामना करना पड़ा, उसी तरह काशी, मथुरा और वृन्दावन में भी उनकी हार तय है।