बाजार में गिरावट का दबाव: सेंसेक्स 550 अंक लुढ़का, निफ्टी भी फिसला; IT और रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली

मुंबई। गुरुवार, 9 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिला। सेंसेक्स करीब 550 अंक यानी 0.72% टूटकर 77,000 के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी भी 140 अंक यानी 0.57% की गिरावट के साथ 23,850 के स्तर पर आ गया। आज खासतौर पर आईटी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में दबाव बना रहा।

एशियाई बाजारों में कमजोरी
एशियाई शेयर बाजारों में भी गिरावट का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स 1.50% गिरकर 5,784 पर बंद हुआ। जापान का Nikkei इंडेक्स 438 अंक यानी 0.78% टूटकर 55,870 पर आ गया। हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स 0.35% गिरकर 25,803 पर बंद हुआ, जबकि चीन का Shanghai Composite इंडेक्स 0.73% की कमजोरी के साथ 3,965 के स्तर पर आ गया।

अमेरिकी बाजारों में एक दिन पहले तेजी
इसके उलट, 8 अप्रैल को अमेरिकी बाजारों में मजबूत तेजी दर्ज की गई थी। Dow Jones इंडेक्स 1,325 अंक (2.85%) चढ़कर 47,910 पर बंद हुआ। Nasdaq 617 अंक (2.80%) उछलकर 22,635 पर पहुंचा, जबकि S&P 500 इंडेक्स 166 अंक (2.51%) की बढ़त के साथ 6,783 पर बंद हुआ।

एक दिन पहले आई थी जोरदार तेजी
गौरतलब है कि 8 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के संघर्ष-विराम की खबर से बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। उस दिन सेंसेक्स 2,946 अंक (3.95%) की तेजी के साथ 77,563 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 874 अंक (3.78%) चढ़कर 23,997 के स्तर पर पहुंच गया था।

फिलहाल बाजार में मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते दबाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *