ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच रोजाना जाम में फंसने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी हो गई है. तिलपता गोलचक्कर पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक को खत्म करने के लिए प्राधिकरण ने 5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का प्लान तैयार किया है, जिससे सफर तेज और आसान होगा.
जाम से राहत की मास्टर प्लानिंग
प्राधिकरण के मुताबिक, एलिवेटेड रोड दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग पर तिलपता गोलचक्कर से पहले शुरू होकर दादरी रेलवे ओवरब्रिज तक जाएगा. करीब 5 किलोमीटर लंबे इस 6-लेन रोड से दादरी, जीटी रोड-91 और आसपास के गांवों का कनेक्शन मजबूत होगा. उत्तर प्रदेश सेतु निगम इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके बाद डीपीआर बनाकर काम शुरू किया जाएगा. प्राथमिक सर्वे में ट्रैफिक के सबसे दबाव वाले पॉइंट चिन्हित कर लिए गए हैं.
अवैध निर्माण बना बड़ी बाधा, एलिवेटेड रोड ही समाधान
तिलपता में सड़क चौड़ीकरण अवैध निर्माण और विरोध के कारण अटका हुआ है. टेंडर जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो पाया और निर्माण रोकने को लेकर हिंसक घटनाएं भी सामने आईं. ऐसे हालात में एलिवेटेड रोड को स्थायी समाधान माना जा रहा है. आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के शुरू होने से ट्रैफिक दबाव कई गुना बढ़ेगा, जिसे संभालने के लिए यह प्रोजेक्ट अहम होगा. प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने इसे भविष्य के लिए गेम-चेंजर बताते हुए कहा कि रिपोर्ट मिलते ही काम में तेजी लाई जाएगी.
