:विनोद कुशवाहा:
बिलासपुर: सीपत क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भटका किशोर हाथी पहुंच जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कटघोरा वनमंडल से निकला यह हाथी खोंधरा, सोंठी और कारीछापर होते हुए सुबह भरुवाडीह पहुंचा।

इसी दौरान जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गई संत बाई ऊईके पर हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वन विभाग द्वारा तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई गई।

वन अधिकारियों के अनुसार प्रजनन काल होने के चलते हाथी झुंड से अलग होकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथी ने गांव में फेंसिंग तोड़ दी और खेतों में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचाया। हाथी की मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने ठरकपुर और भरुवाडीह इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।