रमेश गुप्ता
भिलाई । पद्मविभूषण स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के मद्देनजर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ग्राम गनियारी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए तीन वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तय रास्ता
कुम्हारी क्षेत्र की ओर से कार्यक्रम स्थल जाने वाले सभी वाहनों के लिए कुम्हारी चौक से कुगदा अंडर ब्रिज होते हुए मार्ग तय किया गया है। यहां से वाहन उरला, देवबलोदा, पार्थवी कॉलेज चौक (सिरसा कला) से होकर सीधे ग्राम गनियारी पहुंचेंगे।
उतई और सेलुद क्षेत्र से गनियारी पहुंचने का रूट
उतई और सेलुद की तरफ से आने वाले वाहनों को सुगम रास्ता देने के लिए अलग व्यवस्था की गई है। इस क्षेत्र से आने वाले सभी वाहन उतई से रवाना होकर डुंडेरा और महका कला होते हुए सीधे ग्राम गनियारी कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे।
अमलेश्वर से आने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
अमलेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी रूट स्पष्ट किया गया है। इस दिशा से आने वाले लोग अमलेश्वर से निकलकर मोतीपुर, औरी और आऊंधी होते हुए ग्राम गनियारी की तरफ आगे बढ़ेंगे।
सुचारू आवागमन के लिए यातायात पुलिस की विशेष अपील
यातायात एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा ने कार्यक्रम को शांतिपूर्वक और बिना जाम के संपन्न कराने के लिए आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए सभी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल तय पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें ताकि आवागमन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।