पैरोल पर छूटकर फरार आरोपी पर 30 हजार का इनाम घोषित, दुर्ग पुलिस ने जनता से मांगी मदद

रमेश गुप्ता दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पैरोल पर छूटने के बाद फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी लगातार न्यायालय में पेशी से बच रहा है और पुलिस गिरफ्त से दूर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 38/2024, धारा 229 (BNS) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी जसपाल सिंह (35 वर्ष), पिता जगत सिंह, निवासी एचआईजी 2862/3862, एम.पी. हाउसिंग बोर्ड, जामुल (जिला दुर्ग) को जिला न्यायालय द्वारा रिहा किया गया था। हालांकि रिहाई के बाद से ही वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इस पर थाना पद्मनाभपुर में उसके विरुद्ध अलग से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी है और पतासाजी की कार्रवाई जारी रखी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज ने आरोपी की सूचना देने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को 30 हजार रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *