पड़ोसी ही निकला चोर: 300 CCTV खंगालकर पुलिस ने 5 दिन में सुलझाई लाखों की चोरी

चारामा (उत्तर बस्तर कांकेर)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने चारामा क्षेत्र में बीते चार माह के भीतर लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरों के छक्के छुड़ा दिए हैं। पूर्व में हुई चोरी के मामले को जहां पुलिस ने महज तीन दिनों में सुलझाया था, वहीं इस बार सूने मकान में हुई करीब ₹8 लाख की सनसनीखेज चोरी का खुलासा महज 5 दिनों के भीतर कर दिखाया है। पुलिस ने मामले के आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति की 100% (शत-प्रतिशत) बरामदगी भी कर ली है।

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी पंकज मेश्राम (निवासी वार्ड क्र. 02, चारामा) अपने परिवार के साथ 15 जुलाई को दानीटोला (धमतरी) गए हुए थे। इसी दौरान मकान को सूना पाकर आरोपी पवन सोनकर (25 वर्ष) ने 16 जुलाई की रात घर के पिछले हिस्से से प्रवेश किया और आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पार कर दिए। 17 जुलाई को जब मकान मालिक वापस लौटे, तब चोरी की घटना का पता चला।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा SDOP श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना चारामा एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। कड़े तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जब संदिग्ध पड़ोसी पवन सोनकर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपनी निजी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने और चांदी के सभी जेवरात, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल, 1 मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार (पेचकस, प्लास, आरी, लोहे का पलटा आदि) शत-प्रतिशत जब्त कर लिए हैं। बरामद की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग ₹8,00,000 है।

चार माह के भीतर लगातार दो बड़ी चोरियों का रिकॉर्ड समय में पर्दाफाश होने से चारामा क्षेत्र की जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और गहरा हो गया है। पहले केवल 3 दिनों में और अब महज 5 दिनों में आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर शत-प्रतिशत बरामदगी करना कांकेर पुलिस की बेहतरीन कार्यकुशलता को दर्शाता है।

इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से आम नागरिकों में सुरक्षा का अहसास मजबूत हुआ है और इलाके के आपराधिक तत्वों के मन में पुलिस का खौफ बैठ गया है। क्षेत्र में पुलिस टीम की सराहना हो रही है।

इस उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना चारामा प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में उप निरीक्षक रूपेन्द्र पटेल, उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) हेमंत कुमार, सहायक उप निरीक्षक दुष्यंत दीवान, आरक्षक तरुण सिन्हा, अनिल जैन, हिरामन यादव तथा साइबर सेल कांकेर के निरीक्षक यशवंत श्याम एवं उनकी पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपराधों की रोकथाम पुलिस और आम जनता की साझी जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर दें, आपकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।

चारामा, अनूप वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *