दिलीप गुप्ता सरायपाली —- सामाजिक कार्यकर्ता इमरान मेमन ने विगत दिनों मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ई- मेल के द्वारा एक मांग पत्र भेजते हुवे नगर को अंतर्राज्यीय नवा बस स्टैंड, जोगी तालाब पतेरापाली वार्ड में गहरीकरण व सौंदर्यीकरण तथा पानी भराव हेतु जनहित में अति शीघ्र राशि मंजूर करने, तथा पदमपुर रोड में सड़क चौड़ीकरण कार्य को अति शीघ्र मंजूरी किये जाने का निवेदन किया गया है ।

ज्ञातव्य हो कि नगर में लगातार बढ़ती यात्री बस सेवाओं व बढ़ते यात्री संख्या को देखते हुवे काफी दिनों से अंतरराष्ट्रीय बस स्टैंड की मांग की जा रही थी । वर्तमान बस स्टैंड बस स्टैंड न होकर व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स बन चुका है । दुकानदारों द्वारा बस स्टैंड में अतिक्रमण कर लिये जाने व सामानों को बाहर रखने की वजह से बस स्टैंड में बसे ही नहीं आ रही हैं।

उल्टे नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड के पीछे निजी मकान मालिकों को बस स्टैंड से आम रास्ता दे दिए जाने से यह समस्या और बढ़ गई है ।सामाजिक कार्यकर्ता इमरान मेमन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनहित में अपनी मांग रखते हुवे कहा है कि सरायपाली शहर में मां घंटेश्वरी मंदिर के समीप फोरलेन सड़क नेशनल हाईवे 53 के आस पास शासकीय भूमि चिन्हित कर अंतर्राज्यीय नवा बस स्टैंड की मंजूरी मिलनी चाहिए ।

जोगी तालाब में श्रम दान से गहरीकरण कार्य, इसलिए आवश्यक है कि इस तालाब से आसपास के 5 वार्ड के निवासियों द्वारा निस्तारी किया जाता है। तालाबों के जलग्रहण क्षमता को सौंदर्यीकरण के नाम से संकुचित कर दिये जाने से नगर में भू जल का स्तर भी काफी नीचे चला गया है । इसके गहरीकरण से जल स्तर में सुधार की संभावना बनी रहेगी । इस हेतु शासन द्वारा राशि मंजूर कर सौंदर्यीकरण व पानी भराव हेतु जनहित में अति शीघ्र कार्य चालू किया जाना चाहिए ।जय स्तंभ चौक नगर का एक प्रमुख व व्यस्त चौक है

जहाँ से चारों तरफ से भरी आवागमन होता है । यहां सड़क की चौड़ाई कम होने व अतिक्रमण के चलते हमेशा दुर्घटना की आशंकाओं के साथ ही ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बने रहती है ।जयस्तंभ चौक से पदमपुर रोड में सड़क चौड़ीकरण कार्य का निर्माण कार्य चालू किया जाना अति आवश्यक है, इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राशि की मंजूरी मिलनी चाहिए । सामाजिक कार्यकर्ता इमरान मेमन ने कहा है कि डबल इंजन सरकार को सरायपाली शहर ने लगातार कई बार भाजपा का नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित कर जिताया है और विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में लगातार भाजपा को ही लीड दिलाया है ।