पटना: राजधानी के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेखौफ होकर जेडीयू विधायक श्याम रजक के करीबी व्यवसायी दिलीप कुमार पर जानलेवा हमला किया है। अपराधियों ने जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट के भीतर घात लगाकर उन पर पांच राउंड फायरिंग की। इस हमले में एक गोली दिलीप कुमार के पेट में लगी है, जबकि दूसरी उनके हाथ को छूते हुए निकल गई। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल रुबान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दो हमलावर हेलमेट पहनकर अपार्टमेंट की सीढ़ियों के पास छिपे हुए दिखाई दे रहे हैं। रात करीब 9:30 बजे जब दिलीप कुमार अपने दफ्तर से लौटकर सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें पीछे से आवाज दी। जैसे ही वे मुड़े, बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पहली गोली लगने के बाद दिलीप कुमार जान बचाने के लिए ऊपर की ओर भागे, लेकिन अपराधी पीछा करते हुए उन पर लगातार फायरिंग करते रहे।
दिलीप कुमार एमपी इंजिकॉन कंपनी के संचालक हैं और निर्माण सामग्री की सप्लाई का बड़ा कारोबार करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही विधायक श्याम रजक अस्पताल पहुंचे और घायल व्यवसायी का हालचाल जाना। दिलीप कुमार के पार्टनर के अनुसार, वे रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी यह हमला हुआ। पुलिस शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे कारोबारी रंजिश या पैसों के लेनदेन के विवाद को मुख्य वजह मान रही है।
शास्त्रीनगर थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, कुछ बिल्डरों के साथ बकाया भुगतान को लेकर उनका विवाद चल रहा था, जिसे ध्यान में रखकर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। राजधानी के पॉश इलाके के अपार्टमेंट में घुसकर की गई इस फायरिंग ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।