रमेश गुप्ता
भिलाई । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार के चारों दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबर से 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा वाहन में गांजा लाकर महासमुंद और रायपुर के रास्ते दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कुम्हारी एवं एसीसीयू/क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

जांच के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एचएक्स 6908 को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक निरीक्षण में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि तस्करों ने कार के चारों दरवाजों के अंदर विशेष रूप से गुप्त चेंबर तैयार कर रखे थे। इन चेंबरों में गांजा छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, जिससे सामान्य निरीक्षण में इसकी पहचान करना मुश्किल था।
पुलिस ने दरवाजों के भीतर छिपाकर रखा गया कुल 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 7.25 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा क्रेटा वाहन, 22 हजार रुपये नकद एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 17.77 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36 वर्ष) निवासी जिला नुआपाड़ा, उड़ीसा तथा किशन जगत (35 वर्ष) निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में बताई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अवैध बिक्री के लिए ला रहे थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की तस्करी में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।