भाजपा मुख्यालय में आज से शुरू होगा सहयोग केंद्र, मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याएं

रायपुर। प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अपने मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहयोग केंद्र की दोबारा शुरुआत करने जा रही है। करीब तीन महीने के अंतराल के बाद यह केंद्र आज 3 फरवरी से पुनः संचालित होगा।

भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के अनुसार, सहयोग केंद्र के पहले दिन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मौजूद रहेंगे। मंत्री के पहुंचने से पूर्व दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक आवेदकों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मंत्री सीधे तौर पर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी उपस्थित रहेंगे।

आगामी कार्यक्रमों के तहत 4 फरवरी को पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इन दिनों संगठन की ओर से प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, यशवंत जैन और प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू भी सहयोग केंद्र में मौजूद रहेंगी।

गौरतलब है कि भाजपा सरकार के गठन के बाद वर्ष 2024 में पहली बार इस केंद्र की शुरुआत की गई थी। हालांकि, चुनाव और अन्य व्यस्तताओं के कारण यह व्यवस्था निरंतर नहीं चल सकी। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी दो सप्ताह के लिए केंद्र शुरू हुआ था, जिसमें 11 मंत्रियों ने एक हजार से अधिक आवेदनों पर सुनवाई की थी। अब एक बार फिर इसे ऐसे समय में शुरू किया जा रहा है जब 23 फरवरी से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने वाला है। संगठन का दावा है कि मंत्रियों की व्यस्तता के बावजूद जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *