कांग्रेस ने जमीन गाइडलाइन दर बढ़ोतरी पर सरकार पर दमन का आरोप लगाया

रायपुर। कांग्रेस ने प्रदेश में जमीन गाइडलाइन दर में हुई बढ़ोतरी का विरोध करने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप भाजपा सरकार पर लगाया है। पार्टी ने दावा किया कि गाइडलाइन दर में बढ़ोतरी के फैसले को लेकर पूरे प्रदेश में आक्रोश व्याप्त है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बढ़ी हुई दरों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कारोबारियों और आम नागरिकों पर दुर्ग में बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। उनके अनुसार, महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। शुक्ला ने कहा कि सरकार ने यह फैसला जनता पर जबरन थोप दिया है और अब विरोध किए जाने पर दमन की नीति अपना रही है।

उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर मौन क्यों हैं। जनता मुख्यमंत्री के जवाब की प्रतीक्षा कर रही है। शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने वित्त मंत्री के निर्णय पर चुप्पी तोड़कर स्पष्ट रूप से सामने आना चाहिए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *