रायपुर। राज्य में ठंडी हवाओं का प्रभाव तेज होने लगा है। उत्तरी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के बाद शीतलहर की संभावना जताई गई है। पिछले चौबीस घंटे में राजधानी का न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम हुआ है और आने वाले दो से तीन दिनों में ठंड में और वृद्धि की संभावना है। पिछले चौबीस घंटे में राज्य का सबसे कम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही राज्य में ठंड का असर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उत्तर-पूर्वी दिशा से आने वाली शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। वातावरण में नमी कम होने से मौसम रूखा हो गया है। हवा की दिशा में बदलाव के चलते न्यूनतम तापमान घटा है, जिससे पिछले कुछ दिनों से ठंड बढ़ती महसूस हो रही है।
पिछले दिनों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई है। अंबिकापुर का तापमान 13 डिग्री से गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 20 से घटकर लगभग 18 डिग्री हो गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तरी सीमावर्ती क्षेत्रों में आने वाले दिनों में शीतलहर चल सकती है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।