रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर अंत तक प्रदेश में ठंड पूरी तरह लौट आएगी। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी संभव है, लेकिन उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में शीत लहर चलने की आशंका है।
इसके बाद दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है।
वर्तमान में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आ चुका है। दुर्ग में सबसे अधिक 29.2 डिग्री और अंबिकापुर में सबसे कम 6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
रायपुर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।