संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं विदाई समारोह साहू पारा, परसोदा में गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न

संकुल केंद्र परसोदा के अंतर्गत साहू पारा, परसोदा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं विदाई समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत चारामा के जनपद सदस्य परसादी राम नरेटी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य ए.आर. डाहरे ने की।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमीं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

विद्यार्थियों को राज्य शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इसी अवसर पर शासकीय हाई स्कूल परसोदा की कक्षा नवमीं की 13 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं।
मुख्य अतिथि परसादी राम नरेटी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा ही जीवन के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि बच्चों की प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

संकुल समन्वयक कमलेश गावड़े ने संकुल की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने शासन द्वारा संचालित छात्र हितैषी योजनाओं, जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, मध्यान्ह भोजन, सरस्वती साइकिल योजना, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, राष्ट्रीय सह-साधन छात्रवृत्ति योजना तथा विभिन्न आवासीय विद्यालयों में प्रवेश संबंधी जानकारी उपस्थित पालकों एवं ग्रामीणों को दी। साथ ही उन्होंने सभी पालकों से अपने बच्चों को शासकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ दिलाने का आग्रह किया।

सेवानिवृत्त शिक्षक दाऊलाल सेन ने पालकों से विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर केंद्रीकृत बोर्ड परीक्षा कक्षा पाँचवीं एवं आठवीं तथा माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विशेष रूप सेखिलेश्वर गवर्ना, व्याख्याता, शासकीय हाई स्कूल परसोदा द्वारा प्रतिवर्ष कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ₹5,000 की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष दो मेधावी विद्यार्थियों खेलेन्द्र साहू एवं खुशबू डंडसेना को ₹ 5,000 – ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान शासकीय उच्च प्राथमिक शाला परसोदा के सेवानिवृत्त उच्च श्रेणी शिक्षक दाऊलाल सेन तथा व्याख्याता श्रीमती रूना साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित जनसमुदाय ने उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के समापन पर संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सभी विद्यार्थियों के लिए स्नेह भोज (न्योता भोजन) का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन मनोज सिन्हा प्रधान पाठक और उत्तम सिन्हा व्याख्याता ने की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पालकगण, ग्रामवासी, सभी विद्यालयों के संस्था प्रमुख, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *