रायपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अब छत्तीसगढ़ का नाम भी वैश्विक स्तर पर चमकने लगा है। गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर और टेक एक्सपर्ट गौरव तिवारी ने दो साल की कड़े अनुसंधान (रिसर्च) के बाद ‘GeminAI GT’ नाम का एक ऑल-इन-वन एआई प्लेटफॉर्म तैयार किया है. दावा किया जा रहा है कि यह छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा स्वदेशी AI प्लेटफॉर्म है, जहां मोबाइल ऐप डेवलपमेंट, वेबसाइट डिजाइनिंग, फोटो-वीडियो एन्हांसमेंट और हाई-क्वालिटी इमेज जनरेशन जैसी एडवांस्ड सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी.
बिना कोडिंग के कुछ ही सेकंड में तैयार होगी वेबसाइट
प्रो. गौरव तिवारी के मुताबिक, ‘GeminAI GT’ की सबसे बड़ी यूटिलिटी इसका बेहद आसान यूजर इंटरफेस है. इसे इस तरह से प्रोग्राम किया गया है कि बहुत कम तकनीकी ज्ञान रखने वाला साधारण व्यक्ति भी इसका उपयोग कर सकता है. इस टूल की मदद से बिना कोई कोडिंग सीखे चंद सेकंड्स के भीतर बेहतरीन मोबाइल ऐप और एडवांस्ड 3D इफेक्ट्स वाली वेबसाइट्स को आसानी से डिजाइन किया जा सकेगा.
खराब विजुअल्स को बदलेगा 8K रिजोल्यूशन में
इस प्लेटफॉर्म का एक और सबसे दमदार फीचर इसका फोटो और वीडियो एन्हांसर टूल है. इसकी मदद से पुरानी, धुंधली या बेहद लो-क्वालिटी की तस्वीरों और वीडियो को सुधारकर 8K रिजोल्यूशन तक की क्रिस्टल क्लियर क्वालिटी में बदला जा सकता है. यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह मशीन लर्निंग तकनीक पर काम करता है, जो हर इस्तेमाल के साथ खुद को और ज्यादा सटीक और बेहतर बनाता जाएगा.
ट्रायल फेज में ही 30 हजार से ज्यादा यूजर, पेटेंट प्रक्रिया जारी
‘GeminAI GT’ अभी अपने शुरुआती ट्रायल रन पर है, लेकिन इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक इससे 30 हजार से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं. वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म को पब्लिक डोमेन में सीमित रखा गया है क्योंकि इसका पेटेंट प्रोसेस अभी जारी है. पेटेंट मिलते ही इसे पूरी दुनिया के लिए लाइव कर दिया जाएगा, जिससे विदेशी AI टूल्स (जैसे ChatGPT और Gemini) पर निर्भरता को कम किया जा सके.
900 से ज्यादा इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स का तजुर्बा
प्रो. गौरव तिवारी का आईटी और सॉफ्टवेयर क्षेत्र में एक बड़ा बैकग्राउंड रहा है. बीई (इंस्ट्रूमेंटेशन) और एमटेक की पढ़ाई करने के साथ ही उन्होंने बेंगलुरु से एम्बेडेड सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग ली है. वे पूर्व में छत्तीसगढ़ इंफोटेक प्रमोशन सोसाइटी (CHiPS) में सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर रह चुके हैं और अमेरिकी कंपनियों के लिए 900 से अधिक सफल इंटरनेशनल सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं.