रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेज हो गई है। भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक रैप सॉन्ग पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। इस वीडियो में भूपेश बघेल को झूठ का सरताज बताते हुए पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए कथित घोटालों का जिक्र किया गया है।
भाजपा द्वारा साझा किए गए एक मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो में कांग्रेस सरकार के समय के विभिन्न मामलों को उठाया गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि कांग्रेस सरकार में घोटालों का रिवाज रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री इन अनियमितताओं के प्रमुख हैं। वीडियो में शराब घोटाला, कोयला लेव्ही घोटाला और चावल घोटाले सहित कई अन्य भ्रष्टाचार के आरोपों का विवरण दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके पुत्र चैतन्य बघेल, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और राहुल गांधी के चित्रों का भी उपयोग किया गया है। राजनीतिक माहौल के बीच भाजपा का यह डिजिटल प्रहार चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस इस पोस्ट का जवाब किस तरह देती है और आने वाले समय में इस वार-पलटवार का प्रदेश की राजनीति पर क्या असर होता है।