उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा सम्मानित
रमेश गुप्ता भिलाई…दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गएविशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में शानदार सफलता हासिल हुई है। अभियान के दौरान जिलेभर से गुम हुए 683 व्यक्तियों और बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारी सम्मानित
विशेष अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना जामुल, स्मृति नगर चौकी और पुरानी भिलाई थाना की टीमों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सबसे अधिक गुमशुदाओं की दस्तयाबी करने वालों में —
थाना जामुल 48,स्मृति नगर चौकी 48,थाना पुरानी भिलाई 46 शामिल रहे।
उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी जामुल रामेन्द्र सिंह, स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू तथा थाना प्रभारी पुरानी भिलाई अम्बर भारद्वाज को सम्मानित किया गया।
प्रदेशव्यापी अभियान में दुर्ग पुलिस अव्वल
पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में “ऑपरेशन तलाश” चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा बच्चों और व्यक्तियों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना था।
दुर्ग पुलिस ने अभियान के तहत विशेष टीमें गठित कर लगातार कार्रवाई की। तकनीकी सहायता, सूचना तंत्र और मैदानी स्तर पर लगातार प्रयासों के चलते जिले में बड़ी संख्या में गुमशुदाओं को खोजने में सफलता मिली। बेहतर प्रदर्शन के कारण दुर्ग पुलिस प्रदेश में अग्रणी रही।
पुलिस टीमों की रही अहम भूमिका
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों और विशेष टीमों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। लगातार समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते कई परिवारों को अपने परिजन वापस मिले।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुमशुदा मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए तत्काल सूचना मिलने पर तेजी से कार्रवाई संभव हो पाती है।
एसएसपी विजय अग्रवाल की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों और परिजनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। यदि किसी व्यक्ति या बच्चे के गुम होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई कर सुरक्षित तलाश सुनिश्चित की जा सके।