भँवरखोह में आबकारी विभाग की बड़ी दबिश, 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

प्रतापपुर वृत्त की टीम ने की सख्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल

सूरजपुर जिले के ग्रामीण व शहरी, क्षेत्र में अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी वृत्त प्रतापपुर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भँवरखोह में घेराबंदी कर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की है।

रंगे हाथों पकड़ाया आरोपी

जानकारी के अनुसार, आबकारी वृत्त प्रतापपुर के प्रभारी अधिकारी प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम भँवरखोह में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी संदीप यादव उम्र 19 वर्ष, पिता दिनेश यादव, निवासी भँवरखोह, थाना ओड़गी को रंगे हाथों दबोचा गया। जिसमें आरोपी के कब्जे से 10 लीटर अवैध महुआ मदिरा बरामद की गई है, जिसे मौके पर ही जब्त कर सीलबंद कर दिया गया।

गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज, भेजा गया जेल

मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी विभाग ने आरोपी संदीप यादव के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा- 34(1)क, 34(2), एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की पूरी विवेचना स्वयं विवेचना अधिकारी व प्रभारी प्रदीप वर्मा द्वारा की जा रही है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में शामिल रही मुस्तैद टीम

इस पूरी सफल और असरदार कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक पंकज जायसवाल, मुख्य आरक्षक कृष्णा कुशवाहा व कमलेश्वर राजवाड़े, आरक्षक रमन जायसवाल तथा नगर सैनिक *
देवेंद्र कुमारी की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

आबकारी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का साफ संदेश है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *