रायपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी पांच संभागीय मुख्यालयों — रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह घोषणा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में की।

घोषणा के तुरंत बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पांचों नगर निगमों को 50-50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है। इस तरह कुल 2.50 करोड़ रुपये की प्राविधिक स्वीकृति जारी की गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि यह राशि “सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य” के लिए दी जा रही है, और पूरा कार्य नगर निगम अधिनियम 1956 तथा नगरपालिका अधिनियम 1961 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा।
किन नगर निगमों को मिले 50-50 लाख रुपये
- नगर निगम रायपुर – ₹50 लाख
- नगर निगम दुर्ग – ₹50 लाख
- नगर निगम बिलासपुर – ₹50 लाख
- नगर निगम अंबिकापुर – ₹50 लाख
- नगर निगम जगदलपुर – ₹50 लाख

सरकार का कहना है कि यह कदम न केवल देश के लौह पुरुष को श्रद्धांजलि देने का प्रतीक है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को भी मजबूत करेगा।
 
	
 
											 
											 
											 
											