आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: बस्ती बाराद्वार और कैथा से अवैध महुआ शराब के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

सक्ती। सक्ती कलेक्टर और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी वृत्त सक्ती जैजैपुर की टीम ने बस्ती बाराद्वार और कैथा गांव में छापेमारी कर दो महिला आरोपियों को कुल 21 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को लगातार अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके त्वरित निराकरण के लिए वृत्त प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। इसी कड़ी में टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर जाल बिछाकर कार्रवाई की।

छद्म ग्राहक भेजकर की गई पुष्टि, फिर मारा छापा

पहली कार्रवाई वार्ड नंबर 10, ग्राम बस्ती बाराद्वार (थाना बाराद्वार) में की गई। यहां की निवासी राजकुमारी लहरे (पति सुकालू) द्वारा अपने घर से अवैध रूप से महुआ शराब बेचने की शिकायत मिली थी। आबकारी टीम ने पहले एक छद्म खरीदार (पॉइंटर) भेजकर शराब बिक्री की पुष्टि की। पुष्टि होते ही टीम ने मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान महिला के शयनकक्ष से एक पीले प्लास्टिक जरिकेन में 5 लीटर और 4 प्लास्टिक बोतलों में 8 लीटर, इस प्रकार कुल 13 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई।

इसी तरह की दूसरी कार्रवाई वार्ड नंबर 12, ग्राम कैथा (थाना हसौद) में की गई। यहां की निवासी पीली बाई (पति श्याम लाल) के घर पर भी आबकारी टीम ने पहले छद्म खरीदार के जरिए शराब खरीदी कराकर तस्दीक की। इसके बाद की गई छापेमारी में महिला के पास से एक प्लास्टिक थैले में रखी 4 बोतलों से कुल 8 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।

गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज, भेजी गईं जेल

आबकारी टीम ने दोनों महिला आरोपियों के कब्जे से कुल 21 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व वाली टीम का सराहनीय योगदान रहा। टीम में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा सहित आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, शुभम कश्यप, श्रवण द्विवेदी, परसराम कहरा, कमलेश यादव, बसंती चौधरी, वीरेंद्र यादव, भीम साहू और अंजू सिदार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *