रमेश गुप्ता : दुर्ग। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में सूदखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पदमनाभपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर सूदखोर आरोपी को गिरफ्तार किया है जो कर्ज की रकम के बदले कई गुना ज्यादा पैसों की अवैध मांग कर रहा था।
स्वास्थ्य खराब होने पर लिया था कर्ज मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी ने स्वास्थ्य खराब होने के कारण आरोपी हरीश पारख से 1,60,000 रुपये उधार लिए थे। इस रकम के बदले आरोपी 10 प्रतिशत की दर से भारी ब्याज वसूलता था और पैसा समय पर न देने पर राशि को दोगुना कर देता था। प्रार्थी अब तक आरोपी को उधारी और ब्याज मिलाकर कुल 3,20,000 रुपये वापस कर चुका है।
22 लाख की डिमांड और धमकी रुपये वापस मिलने के बावजूद आरोपी हरीश पारख की नीयत खराब हो गई। उसने अवैध तरीके से प्रार्थी के स्टेट बैंक शाखा के 11 चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए और 22 लाख रुपये की मांग करने लगा। आरोपी की धमकियों और अवैध वसूली से तंग आकर प्रार्थी ने थाना पदमनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 89/2026, धारा 296, 351(2), 308(2) बीएनएस एवं 4 कर्जा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश पारख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने कबूल किया कि उसने 1,60,000 रुपये देकर 11 खाली चेक साइन करवाए थे और इकरारनामा बनवाकर 22 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
जब्ती और आरोपी का विवरण पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चेकबुक, इकरारनामा और साहूकारी लाइसेंस जब्त किया है।
आरोपी: हरीश पारख पिता स्व. मोहन लाल पारख (उम्र 60 वर्ष)
पता: HIG 1/79 न्यू बोरसी, दुर्ग
आरोपी को 29 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।