राजकुमार मल
भाटापारा- नगर पालिका परिषद भाटापारा के लिए खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की सक्रियता, सतत प्रयासों एवं जनहितकारी पहल के फलस्वरूप संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा स्टेशन वार्ड (सर्कस मैदान ) स्थित स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्य हेतु ₹105.96 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति से नगर के खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से स्टेडियम के उन्नयन की मांग की जा रही थी, जिसे अब शासन की स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही मूर्त रूप दिया जाएगा। स्वीकृत राशि से स्टेडियम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ उसे आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास एवं प्रतियोगी वातावरण मिल सके।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भाटापारा के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण खेल परिसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम केवल खेल का मैदान नहीं, बल्कि शहर की युवा प्रतिभाओं के सपनों को नई दिशा देने वाला केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी होने के बाद अब जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्टेडियम का कायाकल्प कर जनता को समर्पित किया जा सके।
अध्यक्ष श्री शर्मा ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए विष्णु देव साय, अरुण साव, बृजमोहन अग्रवाल एवं शिवरतन शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से भाटापारा निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का वक्तव्य
“भाटापारा के युवाओं और खिलाड़ियों की लंबे समय से यह मांग थी कि स्टेशन वार्ड सर्कस मैदान स्थित स्टेडियम का जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि हमारे सतत प्रयासों और शासन के सहयोग से ₹105.96 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।
यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारे शहर की युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास रहेगा कि स्टेडियम का विकास उच्च गुणवत्ता के साथ हो और आने वाले समय में भाटापारा खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बने।
मैं भाटापारा की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि शहर के विकास, युवाओं के भविष्य और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए हमारा संकल्प निरंतर जारी रहेगा।”