भानुप्रतापपुर: मीडिया की खबर का बड़ा असर, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे ANR कार्य में मची खलबली

भानुप्रतापपुर | वन मंडल भानुप्रतापपुर के अंतर्गत ग्राम बांसला में वन संरक्षण के दावों और हकीकत के बीच एक बड़ा फासला नजर आ रहा है। कूप कटाई के बाद वनों को संरक्षित करने के लिए संचालित एएनआर कार्य में बड़े पैमाने पर गबन की तैयारी थी, जिसे मीडिया की सजगता ने उजागर कर दिया है।
नियमों के मुताबिक, कूप कटाई के बाद क्षेत्र को संरक्षित करने के लिए फैंसिंग (घेराबंदी) का कार्य किया जाना था। सूत्रों के अनुसार, विभाग के बड़े अधिकारियों और सप्लायरों की मिलीभगत से मौके पर केवल आधी सामग्री ही गिराई गई थी। योजना यह थी कि आधा काम दिखाकर पूरी राशि का आहरण कर लिया जाए और बची हुई राशि को ‘कमीशन’ के तौर पर आपस में बांट लिया जाए। फिलहाल, मीडिया के हस्तक्षेप के बाद आनन-फानन में बचे हुए फैंसिंग कार्य को शुरू कर दिया गया है। लेकिन ‘चोरी’ और ‘पूर्ण कार्य’ के दावों के बीच फंसा विभाग अब खुद के ही बयानों में घिरता नजर आ रहा है। आने वाला समय बताएगा कि दोषियों पर कार्रवाई होती है या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

ग्राउंड जीरो पर हुआ खुलासा

जब इस धांधली की भनक मीडिया टीम को लगी, तो टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि धरातल पर कार्य अधूरा है और सामग्री गायब है। इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद वन विभाग के गलियारों में हड़कंप मच गया है।

सवालों के घेरे में DFO का बयान

दिलचस्प बात यह है कि कुछ दिनों पूर्व डीएफओ (DFO) साहब ने एक समाचार पत्र में बयान दिया था कि “कार्य पूर्ण हो चुका है और लगभग 100 मीटर फैंसिंग को अज्ञात चोरों ने काट दिया है। अगर कार्य पूर्ण हो गया था और तार चोरी हो गए थे, तो खबर छपने के बाद अब वहाँ दोबारा कौन सा कार्य कराया जा रहा है? क्या चोरी की कहानी अधूरे काम को छिपाने के लिए गढ़ी गई थी? डीएफओ का विरोधाभासी बयान क्या खुद विभाग की संलिप्तता की ओर इशारा नहीं कर रहा?

क्या केवल फैंसिंग तक सीमित रहेगा ANR कार्य?

ANR कार्य के अंतर्गत केवल फैंसिंग ही नहीं, बल्कि वनों के पुनरुद्धार के लिए अन्य तकनीकी कार्य भी किए जाने होते हैं। ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या विभाग केवल खानापूर्ति के लिए तार घेरेबंदी करेगा या वास्तव में वन संरक्षण के अन्य कार्य भी धरातल दिखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *