मुंबई। राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों का सदाबहार किरदार ‘प्रेम’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार है। दिग्गज निर्देशक सूरज बड़जात्या ने अपनी अगली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस म्यूजिकल फैमिली ड्रामा में पहली बार आयुष्मान खुराना और शरवरी की फ्रेश जोड़ी नजर आएगी।
12 साल बाद पर्दे पर दिखेगा ‘प्रेम’ का जादू सूरज बड़जात्या की फिल्मों की जान कहे जाने वाले ‘प्रेम’ के किरदार को इस बार आयुष्मान खुराना निभाएंगे। करीब 12 साल के लंबे अंतराल के बाद यह आइकोनिक किरदार सिनेमाघरों में लौटेगा। अपनी सादगी और संजीदा अभिनय के लिए मशहूर आयुष्मान इस बार राजश्री के पारंपरिक सांचे में ढलकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उनके साथ फिल्म में शरवरी मुख्य भूमिका में होंगी, जो राजश्री की क्लासिक हीरोइनों की खूबसूरती और मजबूती को पर्दे पर पेश करेंगी।
सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया की जोड़ी फिर साथ फिल्म का संगीत एक बार फिर चर्चा का विषय है। ‘प्रेम रतन धन पायो’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद सूरज बड़जात्या और हिमेश रेशमिया की जोड़ी 12 साल बाद फिर साथ आई है। यह एक म्यूजिकल एंटरटेनर फिल्म होगी, इसलिए इसके गानों से दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं।
27 नवंबर 2026 को होगी रिलीज एक्शन और हॉरर फिल्मों के मौजूदा दौर में राजश्री प्रोडक्शंस एक बार फिर अपनी जड़ों की ओर लौट रहा है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘ऊंचाई’ के लिए नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद सूरज बड़जात्या की इस वापसी का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।