रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक के समीप नगर निगम द्वारा 8 मंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर का निर्माण कराया जाएगा। यह अत्याधुनिक टॉवर को-वर्किंग स्पेस और व्यावसायिक गतिविधियों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा, जिससे शहर में आईटी सेक्टर और स्टार्टअप्स को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही नगर निगम के लिए यह परियोजना अतिरिक्त राजस्व का माध्यम भी बनेगी।
नगर निगम की योजना शाखा ने ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया है। शासन से निर्माण दरों की मंजूरी भी मिल चुकी है और जल्द ही संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
तेलीबांधा क्षेत्र में कृष्णकुंज के पास लगभग 2 एकड़ भूमि पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से इस टेक्नीकल टॉवर का निर्माण किया जाएगा। नगर उत्थान योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना को हैदराबाद और मुंबई जैसे महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
टॉवर में युवाओं के लिए आधुनिक को-वर्किंग स्पेस उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए कॉन्फ्रेंस, मीटिंग और प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन की सुविधाएं भी होंगी। परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था के साथ क्लब हाउस और होटल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर निगम इस टॉवर को कंपनियों की बैठकों, सेमिनार और विभिन्न आयोजनों के लिए उपलब्ध कराएगा। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि एक ही परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
शीघ्र शुरू होगा निर्माण कार्य
महापौर मीनल चौबे ने बताया कि तेलीबांधा चौक के पास प्रस्तावित बहुमंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर के लिए निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यह टॉवर नगर निगम की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो युवाओं को आधुनिक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ रायपुर को तकनीकी गतिविधियों का नया केंद्र बनाएगा।