- सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
- शासन की योजनाओं की समीक्षा करते हुए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- जिले के विकास के मुद्दों पर की गई सार्थक चर्चा
राजनांदगांव, 27 अप्रैल 2026। सांसद संतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक खुज्जी भोलाराम साहू, विधायक डोंगरगढ़ हर्षिता बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन और जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह उपस्थित थे।
सांसद संतोष पाण्डेय ने केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं सहित जिले के नवाचार के क्रियान्वयन, प्रगति और विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या, स्कूलों में सुधार जैसे छोटे लेकिन जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास कार्यों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समाज की भी बड़ी भूमिका होती है। केवल सरकारी प्रयासों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही योजनाएं प्रभावी बनती हैं।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में जल संरक्षण और फसल विविधीकरण के क्षेत्र में बेहतर समन्वय से सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की जानकारी देते हुए कहा कि 1 मई से हाउस लिस्टिंग का कार्य शुरू होगा, जिसके लिए स्व-गणना पोर्टल की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने सभी से पोर्टल पर जानकारी भरने और आमजन को प्रेरित करने की अपील की। महतारी वंदन योजना के तहत नि:शुल्क ई-केवाईसी के लिए पैसे लेने वाले सीएससी सेंटरों की शिकायत पर उन्होंने तत्काल जांच कर संबंधित एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों पर की गई कार्रवाई और ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंप सुधार के बारे में भी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के घर से बाहर जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में लाइट और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। वनमंडलाधिकारी आयुष जैन ने बताया कि 1 से 5 मई के बीच तेंदूपत्ता संग्रहण शुरू होगा और इस बार बढ़ी हुई दरों का लाभ संग्राहकों को मिलेगा।
जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 28 हजार से अधिक आवास पूर्ण किए गए हैं। साथ ही ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से बीपीएल परिवारों के युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया जा रहा है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।