दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट: लश्कर के निशाने पर चांदनी चौक का प्रमुख मंदिर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा लाल किले के आसपास के क्षेत्रों में धमाके करने की साजिश रच रहा है। इस बार आतंकियों के निशाने पर विशेष रूप से चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर होने की बात सामने आई है।

खुफिया जानकारी के मुताबिक, आतंकी संगठन आईईडी के जरिए हमले की योजना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद यह संगठन भारत में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस गंभीर इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

संभावित खतरे को देखते हुए भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी देश के बड़े मंदिरों को निशाना बनाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता कर दिया गया है।

गौरतलब है कि पिछले साल 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास एक कार में बम धमाका हुआ था। उस घटना में कई लोगों की जान गई थी और भारी मात्रा में संपत्ति का नुकसान हुआ था। उस हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, हाल ही में 6 फरवरी को इस्लामाबाद के शहजाद टाउन में एक इमाम बारगाह में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसके बाद से सीमा पार स्थित आतंकी संगठनों की हलचल बढ़ गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *