Food Poisoning : अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बाजार से खरीदे गए ‘रेडी-टू-ईट’ डोसा बैटर (घोल) ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। चांदखेड़ा इलाके में रहने वाली दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद से इलाके में फूड सेफ्टी को लेकर डर और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार ने 1 अप्रैल को स्थानीय ‘घनश्याम डेयरी’ से डोसा बनाने का घोल खरीदा था। आरोप है कि इस घोल से बना डोसा खाने के बाद सबसे पहले घर के मुखिया की तबीयत बिगड़ी। अगले दिन जब मां और उनकी साढ़े तीन साल की बेटी ने इसे खाया, तो उनकी भी हालत नाजुक हो गई। दुखद बात यह रही कि मां के दूध पर निर्भर महज तीन महीने की मासूम बच्ची भी इस संक्रमण की चपेट में आ गई। इलाज के दौरान दोनों मासूम बहनों ने दम तोड़ दिया।
मामला गरमाते ही स्वास्थ्य विभाग और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने डेयरी पर छापा मारा है। वहां से बैटर और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। दूसरी ओर, डेयरी मालिक ने आरोपों को नकारते हुए सफाई दी है कि उनके यहाँ से रोजाना भारी मात्रा में बैटर बिकता है और किसी अन्य ग्राहक ने ऐसी शिकायत नहीं की है।
फिलहाल, पुलिस और नगर निगम की टीमें मौत की असली वजह तलाशने में जुटी हैं। अब सभी को FSL की रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे साफ हो पाएगा कि क्या यह वाकई फूड पॉइजनिंग का मामला है या मौत की वजह कुछ और थी। यह घटना उन लोगों के लिए बड़ी चेतावनी है जो पैकेट बंद या बाहर खुले में मिलने वाले खाद्य पदार्थों का बिना जांच-परख इस्तेमाल करते हैं।