नेशनल हाईवे-30 पर बुधवार को रफ्तार का जानलेवा कहर बरपा है। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के जमहिटोला प्लाजा और गुजरा गांव के बीच एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में से एक की पहचान गुजरा निवासी डोमेन्द्र यादव के रूप में हुई है जबकि दूसरे मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचल जाने के कारण उसकी शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है।
जर्जर सड़क ने ली जान और भड़का आक्रोश
इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-930 की जर्जर हालत को इस खूनी दुर्घटना का जिम्मेदार ठहराया है। आक्रोशित भीड़ ने दोनों शवों को बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया है और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है। ग्रामीण मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है जो उग्र प्रदर्शनकारियों को समझाने और यातायात बहाल करने की कोशिशों में जुटा है।
