सांसद अशोक मित्तल पर ईडी की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी का हमला, केंद्र पर लगाया एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

चंडीगढ़। राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की पोस्ट साझा करते हुए पार्टी नेताओं ने केंद्र पर केंद्रीय एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया।

केजरीवाल ने केंद्र को घेरा

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा ने पंजाब में आगामी चुनावों को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार चुनावी तैयारी के लिए इन हथकंडों का सहारा ले रही है, लेकिन पंजाब की जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

मंत्रियों ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

पंजाब की कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां अब भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सांसद अशोक मित्तल को निशाना बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वहीं शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पूर्व की जांचों में भी कुछ हासिल नहीं हुआ था और यह सिर्फ दबाव बनाने की कोशिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इन कार्रवाइयों से पीछे हटने वाली नहीं है।

हार की घबराहट का नतीजा

कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने कहा कि भाजपा सुशासन के मुद्दों पर चुनाव लड़ने में असमर्थ है, इसलिए एजेंसियों का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक मित्तल पर कार्रवाई भाजपा की घबराहट को दर्शाती है और ऐसा लगता है कि पार्टी ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं ने भी एकजुट होकर इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *