बिलासपुर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6000 किलो महुआ लाहन बरामद

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत घुटकु रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में महुआ लाहन पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस को 9 मार्च 2026 को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि घुटकु स्टेशन पारा के समीप रेलवे लाइन के किनारे अवैध रूप से शराब बनाने के लिए महुआ लाहन डंप किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे लाइन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 300 प्लास्टिक डिब्बे बरामद किए गए। इन डिब्बों में कुल 6000 किलोग्राम महुआ लाहन भरा हुआ था।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त किए गए महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *