रंगपंचमी की रात खूनी वारदात: प्रेमिका को रंग लगाने के शक में दो युवकों की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर जिले में रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर एक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। नगरनार थाना क्षेत्र के कलचा गांव में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सालगुड़ गांव के दो युवकों पर एक युवक की प्रेमिका को रंग लगाने का शक जताया गया। इस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया।

आरोप है कि कलचा गांव के चार युवकों ने दोनों को घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोहित और उमेश के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। एक मामूली शक के चलते हुई इस दोहरी हत्या से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *