जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार को करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही ‘अनमोल बस एजेंसी’ की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 6 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में करीब 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
अनियंत्रित होकर गोड़ाअंबा के पास पलटी बस मिली जानकारी के अनुसार, बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोड़ाअंबा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
राहत और बचाव कार्य जारी हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुँची। सभी घायलों को तत्काल कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनके उपचार में जुटी है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया संज्ञान घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को स्पष्ट कहा गया है कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और उन्हें हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।