ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ दहेज के लालच और नशे की लत ने एक हँसते-खेलते परिवार को झुलसा दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहिया बाजार में एक सिरफिरे पति ने अपनी ही पत्नी पर एसिड से हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात में न केवल पत्नी, बल्कि उसकी गोद में मौजूद 4 महीने की मासूम बच्ची और बीच-बचाव करने आए ससुर भी बुरी तरह झुलस गए हैं।
दहेज में कार न मिलने पर करता था प्रताड़ित
पीड़िता योगिता अग्रवाल (28 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी मनन अग्रवाल से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष और पति उन पर मायके से कार लाने का दबाव बना रहे थे। योगिता ने जब पिता की आर्थिक असमर्थता जताई, तो पति ने उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू कर दिया।
होली की खुशियों के बीच ‘खूनी’ खेल
वारदात 1 मार्च की रात करीब 9 बजे की है। आरोपी पति मनन नशे में धुत होकर घर पहुँचा और फिर से कार की मांग को लेकर विवाद करने लगा। विरोध करने पर वह गुस्से में एसिड की बोतल उठा लाया और योगिता पर उड़ेल दिया। उस समय योगिता की गोद में उनकी 4 माह की नन्ही बेटी थी, जिस पर तेजाब की बूंदें गिरने से उसका चेहरा और हाथ झुलस गए। बहू की चीख सुनकर जब ससुर महेंद्र अग्रवाल बचाने दौड़े, तो तेजाब उन पर भी गिरा और उनके हाथ झुलस गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता अपने मायके डबरा चली गई और आरोपी पति के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा के अनुसार, पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और दहेज जैसी कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।