तहसील कार्यालय में भीषण आग, सुरक्षित निकाले गए दस्तावेज

Baloda Bazar News : बलौदाबाजार। शहर के ऐतिहासिक और सबसे पुराने तहसील कार्यालय भवन में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जो तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग से शुरू होकर तहसीलदार कार्यालय की ओर तेजी से फैल गई। इस घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की लपटों को देखते हुए नगर सेना के दमकल वाहनों के साथ-साथ आसपास के निजी सीमेंट संयंत्रों से भी फायर टेंडर्स को मदद के लिए बुलाया गया। जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले तहसील कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और ऐतिहासिक दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

एसडीएम प्रकाश कोरी ने मौके पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया है। उन्होंने राहत की खबर देते हुए कहा कि कार्यालय का मुख्य रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और समय रहते सभी जरूरी दस्तावेजों को बचा लिया गया है। हालांकि, भवन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *