होली त्यौहार के मद्देनजर विभिन्न चौक-चौराहों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों को दी गई सख्त हिदायत ।

अंबिकापुर। होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सरगुजा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशों के पालन में जिले के शहरी, देहात, आउटर और अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 2 मार्च और आज शाम 5 बजे शहर सहित ग्रामीण इलाकों में फ्लैग मार्च कर असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई।

प्रमुख क्षेत्रों में तैनात रहेगा भारी पुलिस बल

होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। इसमें मोटरसाइकिल बाज स्कवॉड, फोरव्हीलर पेट्रोलिंग और महिला पेट्रोलिंग टीम को तैनात किया गया है। विशेष रूप से मोटरसाइकिल बाज स्कवॉड शहर के उन अंदरूनी और पहुंचविहीन क्षेत्रों में मुस्तैद रहेगा जहां बड़ी गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं।

फ्लैग मार्च के जरिए सुरक्षा का भरोसा

पुलिस लाइन से शुरू होकर थाना चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देव होटल चौक से होते हुए घड़ी चौक तक फ्लैग मार्च निकाला गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी थाना/चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में मार्च निकालकर आमजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इस दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले व्यक्तियों को सचेत किया गया कि किसी भी अप्रिय घटना में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हुड़दंगबाजों और नशाखोरों पर होगी सख्ती

सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंगई, जबरन रंग-गुलाल लगाना, नशाखोरी, या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त कर विधि-व्यवस्था पर नजर रखेंगी।

प्रशासन की अपील

सरगुजा पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिकता है कि होली का त्यौहार शांतिपूर्वक संपन्न हो। इसके लिए जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे त्योहार को भाईचारे के साथ मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का भरपूर सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *