इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में पुलिस विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। सोशल मीडिया पर एक युवती की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह हाथ में सर्विस पिस्टल लिए नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह हथियार परदेशीपुरा थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर दीपक जामोद की आधिकारिक सर्विस गन है।
जानकारी के मुताबिक, यह तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई थी, जहां युवती पिस्टल के साथ पोज देती दिखाई दे रही है। कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि तस्वीर में दिख रही पिस्टल परदेशीपुरा थाने में तैनात एसआई दीपक जामोद की है। मामला तूल पकड़ते ही युवती ने अपनी प्रोफाइल से फोटो हटा ली, लेकिन तब तक उसके स्क्रीनशॉट्स व्यापक रूप से शेयर किए जा चुके थे।

घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह पड़ताल की जा रही है कि ड्यूटी के लिए निर्धारित सर्विस वेपन निजी व्यक्ति तक कैसे पहुंची। फिलहाल एसआई दीपक जामोद से पूछताछ जारी है और विभागीय जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।