शराब विवाद में चाचा ने भतीजे की ली जान, 10 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

रावणभाठा जामुल क्षेत्र में पारिवारिक विवाद बना हत्या का कारण
▪️ शराब सेवन को लेकर बहस के बाद लोहे के पाइप से किया वार
▪️ अपराध क्रमांक 142/2026, धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज
▪️ जामुल पुलिस व ACCU की संयुक्त कार्रवाई, 10 घंटे में गिरफ्तारी

रमेश गुप्ता भिलाई । रावणभाठा जामुल क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चाचा ने अपने ही भतीजे पर लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी आशीष साहू (उम्र 25 वर्ष) रावणभाठा, जामुल निवासी को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मार्च की रात्रि लगभग 11:30 बजे सूचना मिली कि रावणभाठा निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की।
जांच में सामने आया कि मृतक हेमंत साहू और उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब सेवन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे के पाइप से मृतक के सिर के पीछे कई बार प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। उपचार से पूर्व ही उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की माता श्रीमती ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना जामुल पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पतासाजी और घेराबंदी की। 03 मार्च 2026 को घटना के 10 घंटे से कम समय में आरोपी को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जप्त किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना जामुल प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, सउनि महफूज खान, सउनि बेनी सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह सहित थाना स्टाफ एवं ACCU टीम की सक्रिय और त्वरित भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *