सक्ती। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेशवासियों को रंगों के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में इस त्योहार को सामाजिक समरसता और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया है।
आपसी प्रेम और सौहार्द्र का पर्व है होली
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा कि होली केवल रंगों का खेल नहीं है, बल्कि यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द्र और अटूट भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी सनातन संस्कृति का हर त्योहार समाज को एक नई दिशा और संदेश देता है। होली का त्योहार हमें ऊंच-नीच, जात-पात और हर तरह के भेदभाव को भुलाकर एक सूत्र में पिरोने का काम करता है।
बुराई को जलाकर करें अच्छाई का स्वागत
होलिका दहन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. महंत ने कहा, “बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में जीत हमेशा अच्छाई की ही होती है।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने भीतर की बुराइयों और नकारात्मकता को होलिका की अग्नि में जलाकर राख कर दें। उन्होंने सभी से पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंग लगाने और गले मिलकर इस उत्सव को मनाने का आग्रह किया।
डॉ. चरणदास महंत का संदेश (बाइट):
“होली सामाजिक एकता का त्योहार है। आइए, हम सब मिलकर समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव को खत्म करें और प्रेम के रंगों के साथ खुशहाली का दीप जलाएं। सभी प्रदेशवासियों को होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
रिपोर्ट: रामनारायण गौतम, सक्ती जिला