बीजापुर : भोपालपट्टनम क्षेत्र में पुलिस का जनसंवाद, 200 ग्रामीणों से सीधा संवाद

बीजापुर। भोपालपट्टनम क्षेत्र में पुलिस का मानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है। सोशल पुलिसिंग के तहत पुलिस टीम गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर रही है, उनकी समस्याएं सुन रही है और मौके पर ही समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ जितेंद्र यादव के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े के मार्गदर्शन में बारेगुड़ा ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम पेटा गोगड़ा, रेड्डीपल्ली और सकनापल्ली में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 ग्रामीण उपस्थित रहे।


ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं थाना प्रभारी के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक के दौरान बारेगुड़ा में स्थापित मोबाइल टॉवर के बंद होने की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इस पर थाना प्रभारी ने संबंधित विभाग को प्रकरण अग्रेषित कर जल्द कार्रवाई कराने की बात कही।
जनसंवाद कार्यक्रम में नक्सल उन्मूलन अभियान, टोनही प्रताड़ना, ग्रामीणों की बुनियादी समस्याएं और साइबर जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कानून संबंधी जानकारी भी साझा की।


ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब वे अपनी समस्याएं बेझिझक साझा कर पा रहे हैं। सोशल पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस न केवल सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि सामाजिक समरसता और विश्वास का मजबूत आधार भी तैयार कर रही है। यह पहल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग की नई दिशा तय कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *