राज्यसभा चुनाव : 5 मार्च को नामांकन की अंतिम तिथि, भाजपा और कांग्रेस में अब तक प्रत्याशियों पर सस्पेंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने और नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अब तक राज्य के दोनों प्रमुख दलों, भाजपा और कांग्रेस, ने अपने पत्तों का खुलासा नहीं किया है। स्थिति यह है कि अभी तक किसी भी दल ने नामांकन फॉर्म तक नहीं खरीदा है और दोनों ही पार्टियां अपने केंद्रीय नेतृत्व के अंतिम फैसले का इंतजार कर रही हैं।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई है। कैलेंडर के लिहाज से 2 और 3 मार्च का समय बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि 4 मार्च को होली का अवकाश है। नियमानुसार, नामांकन पत्र के लिए कम से कम 10 प्रस्तावक और 10 समर्थक विधायकों के हस्ताक्षर अनिवार्य होते हैं। इन औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा जल्द होना आवश्यक है, ताकि समय रहते कागजी कार्रवाई पूरी की जा सके। फिलहाल, दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं और सबकी नजरें दिल्ली दरबार के फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *