अम्बिकापुर: सरगुजा पुलिस में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले चार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपनी अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत हो गए हैं। उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया, भदर साय, सहदेव राम बर्मन एवं प्रधान आरक्षक इमील टोप्पो के सम्मान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने सभी सेवानिवृत अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ईमानदारी और संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि उप निरीक्षक प्रेमसागर खुटिया, भदर साय, सहदेव राम बर्मन एवं प्रधान आरक्षक इमील टोप्पो ने हमेशा ईमानदारी पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उन्होंने संवेदनशील पुलिसिंग में विभाग को जो सहयोग प्रदान किया, वह सराहनीय है। एसएसपी ने सेवानिवृत अधिकारियों के परिजनों से भी चर्चा की और आश्वासन दिया कि पुलिस परिवार के कल्याण के लिए विभाग हर संभव मदद के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ जीवन और निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर ही प्रदान किए गए पी.पी.ओ. आदेश विदाई समारोह की खास बात यह रही कि सेवानिवृत होने वाले इन अधिकारियों की सभी कार्यालयीन औपचारिकताएं समय पर पूर्ण कर ली गई थीं। विदाई के साथ ही उन्हें पी.पी.ओ. (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) आदेश भी प्रदान किए गए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें किसी भी प्रकार की वित्तीय असुविधा न हो। कार्यक्रम के दौरान सभी को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) देकर सम्मानित किया गया।
परिजनों और स्टाफ की रही मौजूदगी इस भावभीनी विदाई समारोह में सेवानिवृत अधिकारियों के परिवारजन विशेष रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, निरीक्षक अंजू चेलक, उप निरीक्षक (एम) अभय सिंह सहित समस्त कार्यालयीन स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने मिलकर अपने वरिष्ठ साथियों को ससम्मान विदाई दी।