उज्जैन: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के एक नामी होटल में लापरवाही का बेहद घिनौना मामला सामने आया है। फ्रीगंज स्थित मशहूर ‘होटल साईं दरबार’ में एक महिला ग्राहक को परोसे गए लड्डू के अंदर से इंसान का नाखून निकला है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देख श्रद्धालु और पर्यटक सन्न हैं।
थाली में मिला ‘नाखून’ वाला लड्डू जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपने परिवार के साथ इस होटल में भोजन करने पहुंची थी। जैसे ही उन्होंने खाने के साथ मिले लड्डू को खाने के लिए तोड़ा, उसके अंदर एक नुकीली चीज फंसी दिखी। गौर से देखने पर पता चला कि वह इंसान का कटा हुआ नाखून था। महिला ने तुरंत मोबाइल निकालकर इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जिसमें लड्डू के भीतर से नाखून निकलता साफ दिखाई दे रहा है।
कर्मचारी की दलील: ‘आटा गूंथते समय टूट गया होगा’ जब महिला ने इस गंदगी को लेकर होटल स्टाफ से जवाब मांगा, तो वहां मौजूद कर्मचारी ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना सफाई दी। कर्मचारी का कहना था कि शायद आटा गूंथते समय किसी कारीगर का नाखून टूटकर उसमें गिर गया होगा। होटल प्रबंधन की इस दलील से ग्राहक संतुष्ट नहीं हुई और उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ बताते हुए वीडियो वायरल कर दिया।
महाकाल आने वाले श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ी उज्जैन का फ्रीगंज इलाका खान-पान के लिए काफी मशहूर है और ‘साईं दरबार’ अपने राजस्थानी स्वाद (दाल-बाफला और लड्डू) के लिए बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की पहली पसंद रहता है। लेकिन इस घटना ने होटल की किचन हाइजीन और शुद्धता के दावों की पोल खोल दी है। लाखों की संख्या में महाकाल दर्शन करने आने वाले भक्तों के लिए अब यह सवाल बड़ा हो गया है कि आखिर वे बाहर के खाने पर कितना भरोसा करें।