सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन आरक्षक के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के मामले में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने संबंधित वन आरक्षक सुखदेव पैकरा को नोटिस जारी किया है। साथ ही डीएफओ ने आरक्षक को देवनगर बीट से हटाकर जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया है।
यह मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र के देवनगर इलाके का है। वायरल वीडियो में देखा गया कि देवनगर नर्सरी में कुछ युवकों ने वन आरक्षक सुखदेव पैकरा की पिटाई की और उससे जबरन डांस करवाया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के पीछे मुख्य कारण यह बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद आरक्षक ने अब तक इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को नहीं दी थी। विभाग ने आरक्षक से इस लापरवाही पर जवाब मांगा है। पुलिस और वन विभाग अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटे हैं।