दुर्ग
भिलाई के मोहन नगर थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के दौरान हुई हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के मुख्य आरोपी मनीष देशमुख द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर संचालित किए जा रहे होटल को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया है।
घटना के अनुसार, 16 फरवरी को भगवान शंकर की बारात के दौरान पुराने विवाद को लेकर आरोपी मनीष देशमुख और उसके छह साथियों ने क्षय कुमार गोड उर्फ नानू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक के पास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर होटल बना रखा है। इस पर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी।
शुक्रवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और अवैध कब्जे को हटाकर स्थल को मुक्त कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।