तेंदू पत्ता बूटा कटाई के संबंध में दी गई तकनीकी जानकारी, 1 लाख मानक बोरा से अधिक संग्रहण का लक्ष्य
भानुप्रतापपुर। जिला यूनियन पूर्व के द्वारा एकदिवसीय तेंदूपत्ता शाख़कर्तन सह प्रशिक्षण का आयोजन गुरुवार को किया गया। जिसमे तेंदू पत्ता के बूटा कटाई को लेकर तैयारी के सम्बंध में दुर्गुकोंदल एवं भानुप्रतापपुर परिक्षेत्र के पोषक अधिकारी, प्रबंधक व फड़ मुंशियों सहित संग्राहक परिवार के सदस्यों एवं वन कर्मचारियों को जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए उप प्रबन्ध संचालक दीपक गावड़े ने कहा कि 15 मार्च तक बूटा कटाई का कार्य आवश्यक रूप से पूर्ण करें ऐसा करने वाले पोषक अधिकारी, प्रबंधक व फड़ मुंशियों को अच्छा कार्य करने पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। यह वनमंडल तेंदूपत्ता कार्य मे पूरे प्रदेश में अव्वल हैं। हर बार 1 लाख मानक बोरा का लक्ष्य पूरा किया जाता है, इस बार भी ज्यादा से ज़्यादा कलेक्शन पर ध्यान देना है। टीकम टांडिया पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जिला यूनियन ने कहा कि जिस प्रकार एक किसान खेती के पूर्व तैयारियां करता है उसी प्रकार पत्ता तोड़ाई के पूर्व भी बूटा कटाई के रुप में तैयारी करनी पड़ती है। इसे रोजी के रूप में नहीं बल्कि आंदोलन के रुप में करें। पत्ते की गुणवत्ता अच्छी होने पर बोनस भी अच्छा मिलता है।
पत्ता तोड़ाई कार्य मे समय काफी महत्वपूर्ण होता है बूटा कटाई से लेकर उसे गोदामों तक पहुचाने का कार्य सुरक्षित रूप से समय पर करना हैं। वनों को आग से बचाने हेतु गांव में बैठक कर सबको समझाइश दी जाए ताकि वनों में छोटे छोटे पौधों सहित वन्य जीवों को नुकसान न पहुँचे। वन क्षेत्र पाल बीरेन्द्र सिंह ने बताया कि वनोजप से सम्बंधित तकनीकी जानकारी हेतु यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, इसका पालन अवश्य करें। हम सब प्रकृति की गोद मे रहते हैं यहाँ को अधिकांश लोग वनोपज से अपनी जीविका चलते हैं। शासन का भी उद्देश्य है कि अंतिम व्यक्ति तक वनोपज से मिलने वाले लाभ को पहुँचाया जाए। तेंदू पत्ता तोड़ाई एक महाउत्सव है इसे अच्छे से मनायें। सोना कई प्रकार का होता है और ये हरा सोना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री की सोच रही है कि ग्रामीणों तथा संग्राहकों का आर्थिक उन्नयन किया जाए उसी दिशा में सहकारिताकरण किया गया है। जितना अच्छा धूप पौधे को मिलेगा उतना ही अच्छा पत्ता निकलेगा। उन्होंने फड़ मुंशियों से अपील की है कि बूटा कटाई अच्छे से करवाने ग्रामीणों को सही से समझाइश दें।
अंतागढ़ जनपद के पूर्व अध्यक्ष बद्री गावड़े ने हरा सोना इसे कभी न खोना की तर्ज पर तेंदू पत्ता को कृषि उपज के समकक्ष बताया। उन्होंने कहा कि मैं स्वंय संग्राहक परिवार से जुड़ा हुआ व्यक्ति हु और पत्ता तोड़ाई करता हू। रेंजर साहब ने जो तकनीकी जानकारी दी है उसका सभी ईमानदारी से पालन करें। बूटा कटाई अच्छे से करें क्योंकि ऊपर से कटाई करने पर कमजोर पौधा निकलेगा जिससे पत्ते भी सही नहीं मिलेंगे। गर्मी का समय बूटा कटाई के लिए उपयुक्त है पत्ते अच्छे होंगे तो इसका लाभ भी अधिक मिलेगा। इस दौरान आई पी गेन्द्रे उप वनमंडलाधिकारी, वासुदेव आंधिया अध्यक्ष जिला यूनियन पूर्व भानुप्रतापपुर, सतेंद्र बघेल संचालक सदस्य, देवराज नाग, निर्मला ध्रुव, रानुराम मंडावी, जगतराम दुग्गा, सिया राम पोटाई, सतीश मिश्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी दुर्गुकोदल, अखंड प्रताप तिवारी, एकता कर वन क्षेत्रपाल, सिदार्थ वन क्षेत्रपाल सहित ग्रामीण उपस्थिति रहे।