दिल्ली में घरेलू सहायिका ने मालिक के घर कराई ईडी की फर्जी रेड, पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित दो महिलाओं को पकड़ा

दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक घरेलू सहायिका द्वारा अपने ही मालिक के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बनकर फर्जी छापेमारी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में नौकरानी और उसकी भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस की वर्दी, वायरलेस सेट, लूटी गई महंगी घड़ियां और गहने बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित 86 वर्षीय सेवानिवृत्त आर्किटेक्ट आरसी सभरवाल के घर तीन व्यक्ति पुलिस की वर्दी में पहुंचे। खुद को ईडी अफसर बताकर उन्होंने परिवार को धमकाया और तलाशी का नाटक करते हुए करीब 4 लाख रुपये नकद और 7 कीमती घड़ियां लेकर फरार हो गए। इस पूरी साजिश को घर की नौकरानी रेखा देवी ने अंजाम दिया था, जिसने घर की हर गतिविधि और कीमती सामान की जानकारी अपने साथियों के साथ साझा की थी।

मामले को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस ने इलाके के 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की कार का पीछा करते हुए गाजियाबाद के वैशाली तक पहुंची। मोबाइल डेटा के विश्लेषण से पता चला कि नौकरानी रेखा देवी अक्सर गाजियाबाद के उस पते पर जाती थी, जहां संदिग्ध कार खड़ी थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने 25 फरवरी को छापेमारी कर मास्टरमाइंड नौकरानी और उसकी भाभी पूजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को आरोपियों के पास से आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट की वर्दी, नकली आईडी कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामान मिला है। जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना फिल्म स्पेशल 26 की तर्ज पर बनाई गई थी। फिलहाल इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी प्रकाश, मनीष और उपदेश सिंह थापा फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *