ब्रेन सर्जरी के बाद सलीम खान की हालत स्थिर, आमिर खान ने दी स्वास्थ्य अपडेट

बॉलीवुड के वरिष्ठ पटकथा लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान 17 फरवरी से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उनके ब्रेन की माइनर सर्जरी की गई थी, जिसके बाद एहतियातन उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया और आईसीयू में निगरानी में रखा गया था।

अब नौ दिन बाद अभिनेता आमिर खान ने उनकी सेहत को लेकर जानकारी दी है। एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान आमिर खान ने कहा कि सलीम खान की हालत पहले से बेहतर है और वे धीरे धीरे स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि वे आईसीयू में थे, इसलिए वह व्यक्तिगत रूप से उनसे नहीं मिल पाए, लेकिन परिवार के संपर्क में हैं।

आमिर खान ने बताया कि उनकी सलीम खान की बेटी अलविरा से लगातार बात हो रही है और परिवार के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

इससे पहले अभिनेत्री डेजी शाह ने भी सलीम खान की हालत को स्थिर और खतरे से बाहर बताया था। उन्होंने कहा था कि सर्जरी सफल रही है और फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है।

अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बताया गया था कि एहतियातन उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था और वे उपचार पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार परिवार ने बिना अनुमति स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सार्वजनिक किए जाने पर नाराजगी जताई थी।

इस बीच शाहरुख खान, रणवीर सिंह, जावेद अख्तर और अंजलि तेंदुलकर सहित कई प्रमुख हस्तियां अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल ले चुकी हैं। सभी उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *