सीआरपीएफ ने बड्डेपारा में लगाया मेडिकल कैंप, ग्रामीणों को बांटी दवाइयां और घरेलू सामग्री

बीजापुर। जनपद बीजापुर ब्लॉक के अन्तर्गत अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात 85 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा बटालियन के तैनाती क्षेत्र में सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन सीआरपीएफ के कुशल मार्गदर्शन, दिशा-निर्देशन एवं उपस्थिति में आम जनता को लाभान्वित करने हेतु दिनांक 25/02/2026 को डी/85 के तैनाती क्षेत्र पेद्दापारा में सिविक एक्शन प्रोग्राम व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

इस सिविक एक्शन प्रोग्राम में बड्डेपारा व आस-पास के गांवों/पारा बुर्जी, नैनपाल, गोंगला, दुआलीपारा/कोटियापारा, बड्डेपारा, गंगालूर व पुलसुमपारा के लगभग 170 से अधिक ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं इस अवसर का लाभ उठाया। डी/85 बटालियन सीआरपीएफ, पेद्दापारा में आयोजित किये गये इस सिविक एक्शन कार्यक्रम के दौरान जहाँ एक तरफ जरूरतमंद व गरीब ग्रामीणों में दैनिक उपयोग हेतु घरेलू सामानों, कृषि कार्य में उपयोग होने वाले समानों, खेल-कूद से संबंधित सामग्रियों व अन्य समानों का वितरण किया गया वहीं दूसरी ओर निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर 85 बटालियन के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी द्वारा बीमार ग्रामीणों का चिकित्सा परीक्षण कर आवश्यक व स्वास्थवर्धक दवाईयों के साथ ही विटामिन्स की कमी से होने वाले रोगों से संबंधित दवाईयाँ/टॉनिक का वितरण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने 85 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा आम जनमानस से जुड़ने के इस प्रयास की सराहना की।

सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा बताया गया कि बीजापुर में तैनाती के दौरान से ही 85 बटालियन सीआरपीएफ आम-जनता के हित में कार्य किया है तथा ग्रामीणों को समय-समय पर दैनिक उपयोगी आवश्यक घरेलू सामानों, उपकरणों आदि का वितरण करने के साथ ही चिकित्सा शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाईयाँ वितरित करने में हमेशा अग्रसर रही है। इसी क्रम में सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन ने बताया कि 85 बटालियन सीआरपीएफ ग्रामीणों के बीच उपस्थित होकर, बात-चीत कर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने हेतु प्रयासरत रही है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की जनता व सुरक्षा बलों के मध्य विश्वास की भावना जागृत होगी तथा ग्रामीणों की विकास कार्यों में सहभागिता भी बढ़ेगी इसके अलावा ग्रामीण नक्सलियों की कुंठित विचारधारा से निकल कर मुख्यधारा में लौटेंगे।

ग्राम बड्डेपारा के इस सिविक एक्शन कार्यक्रम के दौरान सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन सीआरपीएफ के अतिरिक्त पवन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी-85 बटालियन, उमेश कुमार, सहायक कमांडेण्ट 85 बटा0, डॉ मनोज कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी 85 बटालियन, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान एवं ग्राम बुर्जी सरपंच सरिता हेमला तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *